पुलिस को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, सिमडेगा पुलिस ने भेजा जेल

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : बांसजोर ओपी क्षेत्र के तरगा गांव में पुलिस को बंधक बनाकर मारपीट करने के चर्चित मामले में सिमडेगा पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी घाघी नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने प्रेस वार्ता में बताया कि 20 अक्टूबर 2025 को बांसजोर ओपी के तत्कालीन प्रभारी विनय कुमार को सूचना मिली थी कि तरगा स्थित मोगदा ढाबा में लूटपाट और मारपीट की घटना हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ढाबा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और ढाबा संचालक सुखजिंदर सिंह सहित अन्य कर्मचारी घायल अवस्था में मिले।

पुलिस जब घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रही थी, तभी वहां मौजूद भीड़ ने ओपी प्रभारी विनय कुमार को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनका पर्स और सरकारी मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर वरीय पुलिस अधिकारियों ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस मामले में पुलिस ने 13 नामजद समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अब तक 13 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, घाघी नायक गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया।पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
















