big-action-khunti-police-four-teenagers

खूंटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 साल से लापता लड़की समेत चार किशोरियां दिल्ली और जयपुर से रेस्क्यू

Share
Link copied
big-action-khunti-police-four-teenagers
big-action-khunti-police-four-teenagers

खूंटी: मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खूंटी पुलिस ने दिल्ली और जयपुर से चार नाबालिग किशोरियों को सकुशल रेस्क्यू किया है। इनमें एक किशोरी ऐसी है, जो पिछले करीब 11 साल से लापता थी। वहीं, दो अन्य किशोरियां लगभग एक साल से अपने घरों से लापता थीं। पुलिस के अनुसार, इन सभी को दूसरे राज्यों में ले जाकर घरों में झाड़ू-पोंछा और बर्तन साफ करने जैसे घरेलू कामों में लगाया गया था।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) थाना की टीम ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए इन किशोरियों को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में एएचटीयू थाने में पहले से मामले दर्ज थे। एक मामले में पिछले साल प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें एक लड़की करीब 11 साल से लापता थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

Durga puja
Advertisement

वहीं, दो अन्य किशोरियों के लापता होने के मामले में परिजनों ने करीब एक सप्ताह पहले ही एएचटीयू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को भी बरामद कर लिया। चौथी किशोरी के मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि खूंटी की एक लड़की को दूसरे स्थान पर ले जाकर काम कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और उसे भी सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, पुराने मानव तस्करों के कुछ अन्य नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस अब इन मामलों से जुड़े लोगों और किशोरियों को दूसरे राज्यों तक ले जाने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

एसपी ऋषभ गर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि घर से किसी बच्चे या बच्ची के लापता होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। शिकायत दर्ज कराने में देरी होने से मानव तस्करी में शामिल लोगों को साक्ष्य मिटाने का मौका मिल सकता है, जिससे लापता बच्चों की तलाश में परेशानी होती है।

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसे और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चियों की पढ़ाई पूरी कराने और उन्हें अनजान लोगों के साथ बाहर नहीं भेजने की अपील की। साथ ही, रोजगार के लिए बाहर जाने वाली बालिग बेटियों के संपर्क में नियमित रूप से रहने की सलाह दी। चारों किशोरियों की बरामदगी को खूंटी पुलिस की मानव तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।