बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण के मतदान के बीच पीएम मोदी दूसरा चरण के लिए अररिया और भागलपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए आज गुरुवार को 121 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे चरण के मतदान से पहले एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में अररिया और भागलपुर जिलों में दो जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं। यह रैलियां दूसरे चरण के लिए एनडीए की चुनावी रणनीति को मजबूत करने का हिस्सा हैं, जहां 11 नवंबर को मतदान निर्धारित है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा बिहार चुनाव अभियान की अंतिम दौर की है, जिसमें वे एनडीए गठबंधन के 30 से अधिक प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगे। भाजपा के अनुसार, अररिया में आयोजित होने वाली सभा पूर्वी चंपारण, अररिया और मधेपुरा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के मतदाताओं को लक्षित करेगी, जबकि भागलपुर की सभा में भागलपुर और बांका जिले के 12 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार मंच साझा करेंगे। भागलपुर में हवाई अड्डा परिसर में आयोजित इस विशाल जनसभा के लिए एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी बिहार की जनता को विकास, रोजगार और सुशासन की गारंटी देंगे।” पिछले कुछ दिनों में मोदी ने पटना, सहरसा, कटिहार जैसे जिलों में रैलियां की हैं, और यह छठी यात्रा है।
















