हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन: पथराव और झड़प में मीडियाकर्मियों व पुलिसकर्मियों को चोटें

रांची के हरमू स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन के दौरान स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जहाँ भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और बात धक्का-मुक्की, अंडे-टमाटर फेंकने से लेकर पत्थरबाजी तक पहुँच गई।
बैरिकेडिंग टूटी, दोनों पक्षों में सीधी झड़प
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और अधिक गरमा गया जब कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस बल को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मीडियाकर्मियों और पुलिस पर हमला, सिर फटा
इस हिंसक झड़प और पत्थरबाजी के दौरान वहाँ कवरेज कर रहे कई मीडियाकर्मियों और पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झड़प में एक मीडियाकर्मी का सिर भी फट गया है, जिससे पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है।
भारी पुलिस बल तैनात, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और एसडीओ समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। भाजपा कार्यालय के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके। प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों को शांत कराने और हालात पर लगातार नजर रखने के प्रयास जारी हैं।

















