ward-member-dies-being-hit-unknown

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वार्ड सदस्य की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Share
Link copied

कुकड़ू-चौकेगड़िया चौक के पास हादसा, चालक वाहन लेकर फरार; ग्रामीणों ने की वाहन की पहचान और कार्रवाई की मांग

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू-चौकेगड़िया चौक के समीप शनिवार की शाम सड़क हादसे में छोटा लापांग गांव के वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कुकड़ू से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क जाम

वार्ड सदस्य की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। ग्रामीणों ने शव उठाने का भी विरोध किया और हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों को समझाने का प्रयास

घटना की सूचना मिलने पर तिरुलडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

भारी वाहनों की आवाजाही पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने और जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।