सरायकेला: टाटा-कांड्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम

नीरज तिवारी
गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां): सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा।
झारखंड : बिरनी की दो बेटियों ने साणंद में लहराया परचम: पीएम मोदी ने की संघर्ष और सफलता की सराहना
मृतकों की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के अंसार नगर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद निसार और गौसनगर निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम खत्म कर देर रात अपनी बाइक (JH05DN-3281) से घर लौट रहे थे। छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के पास, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (MH12LT-8538) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही एक की मौत, अस्पताल में दूसरे ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद निसार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहम्मद रेहान को स्थानीय लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुँचाया, जहाँ उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस में हुई देरी से स्थानीय लोग भड़क गए। प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए लोगों ने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह सड़क जाम हटवाया।
वाहन जब्त: पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
चालक फरार: हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जांच जारी: पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही, हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
Also Read :
चतरा में जमीन के लिए खून के रिश्ते हुए तार-तार: भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट
पिठोरिया घाटी में ईंट लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक फरार; खलासी घायल
















