छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रही भाजपा : विनोद पांडेय

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा की ओर से राज्य सरकार को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम और चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा पर छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। पांडेय ने कहा कि भाजपा छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रही है और युवाओं के आक्रोश को अपने हित में भुनाने की कोशिश कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। केंद्र और झारखंड में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा किए गए, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाने से भाजपा की असलियत नहीं छिपेगी।
मुकदमों को फर्जी बताने पर मांगा प्रमाण
छात्रों पर दर्ज मुकदमों को भाजपा नेताओं द्वारा फर्जी बताए जाने पर पांडेय ने कहा कि यदि मुकदमे फर्जी हैं तो भाजपा इसके तथ्य और प्रमाण सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा आंदोलन के नाम पर सरकारी व्यवस्था को चुनौती देने की राजनीति कर रही है।

‘सरकार अल्टीमेटम से नहीं चलती’
झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा का 48 घंटे का अल्टीमेटम उसकी हताशा और राजनीतिक अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार भाजपा के अल्टीमेटम से नहीं चलती। धमकी और दबाव की राजनीति के जरिए सरकार को झुकाने की कोशिश भाजपा की बड़ी भूल है।
‘नौकरी बेचने’ के भाजपा के आरोप पर विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास यदि कोई प्रमाण है तो उसे सामने लाए। बिना प्रमाण आरोप लगाकर जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्य के आरोप लगाना भाजपा की पुरानी राजनीतिक आदत रही है।

मुख्य सचिव से मुलाकात पर भी भाजपा को घेरा
मुख्य सचिव से इंडिया गठबंधन के नेताओं की मुलाकात पर भाजपा की टिप्पणी को लेकर पांडेय ने कहा कि मुख्य सचिव से मिलने पर भाजपा को परेशानी इसलिए हो रही है, क्योंकि उसे हर राजनीतिक गतिविधि में अपना राजनीतिक संकट नजर आता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं होने संबंधी भाजपा के बयान को हास्यास्पद बताया।
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रही है। झारखंड के युवा भाजपा की इस राजनीति को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितने अल्टीमेटम दे या प्रदर्शन करे, सरकार को धमकी देकर राजनीतिक दबाव में लेने का उसका मंसूबा पूरा नहीं होगा।

















