भाजपा का राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

रांची: JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली तथा छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर झारखंड भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि 48 घंटे के भीतर न्याय नहीं मिला तो भाजपा छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित धांधली और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र जब इसके विरोध में शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आंदोलन करते हैं, तो उन पर पुलिस कार्रवाई की जाती है और विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में एफआईआर दर्ज की जाती है। भाजपा का दावा है कि एक हजार से अधिक निर्दोष छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
साहू ने आरोप लगाया कि रांची, गिरिडीह, चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की गई, लेकिन छात्रों पर कार्रवाई करने वाली सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार पर कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए छात्रों पर हिंसा करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

तीन प्रमुख मांगें रखीं
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के समक्ष प्रमुख रूप से तीन मांगें रखीं—
1. छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद विभिन्न थानों में छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर तत्काल रद्द की जाए।
2. JPSC/JSSC की कथित धांधली से संबंधित रद्द एवं स्थगित परीक्षाओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए।
3. परीक्षा धांधली मामले में आयोग के गिरफ्तार अध्यक्ष के साथ-साथ समान रूप से दोषी आयोग के सदस्यों तथा संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भी गिरफ्तारी और कार्रवाई की जाए।

भाजपा ने अपने ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों से संबंधित आदेश का हवाला देते हुए झारखंड में शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों के हितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने निर्धारित समय में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो भाजपा छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. प्रदीप वर्मा, दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, अमर कुमार बाउरी, सांसद बीडी राम, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, मंजु कुमारी, शत्रुघ्न महतो, रागिनी सिंह और रौशनलाल चौधरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
















