झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से की अपील: पद और वर्दी की मर्यादा न तोड़ें, राज्य सरकार का टूलकिट न बनें
रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व के रूप में माने जाने वाले इन चुनावों का प्रचार आज (21 फरवरी 2026) अंतिम दिन है। न्यायालय के सख्त निर्देशों और भाजपा के लगातार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन के परिणामस्वरूप हेमंत सोरेन सरकार की अनिच्छा के बावजूद तीन वर्षों के विलंब के बाद राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को मतदान होगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि चुनाव घोषणा के बाद भी राज्य सरकार ने सत्ता और प्रशासन के दुरुपयोग की मंशा दिखाई है। बैलेट पेपर से चुनाव कराने और राज्य पुलिस की सुरक्षा में मतदान का फैसला आशंकाओं को और मजबूत करता है। भाजपा ने पहले से ही ईवीएम से चुनाव कराने की मांग की थी, लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही।
उन्होंने कहा, “राज्य पुलिस को टूलकिट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य पुलिस की देखरेख में निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव संभव नहीं लगता। हमने सभी बूथों पर लोकसभा-विधानसभा चुनाव की तर्ज पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की, लेकिन राज्य सरकार के इशारे पर निर्वाचन आयोग ने कोई पहल नहीं की।”
आदित्य साहू ने बताया कि पूरे प्रदेश में घूमकर जनसंपर्क से स्पष्ट हुआ है कि जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित है। राज्य सरकार के भ्रष्टाचार, अपराधियों के आतंक, लूट, अपहरण और बच्चा चोरी जैसे मुद्दों से परेशान जनता सरकार को सबक सिखाने के मूड में है।
उन्होंने कहा, “हालांकि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे, लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों को समर्थन दिया है। प्रदेश में सत्ता के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और सत्ताधारी गठबंधन के समर्थित उम्मीदवारों को सबक सिखाने को तैयार है।”
आदित्य साहू ने जनता से अपील की कि वे निर्भीक होकर भारी संख्या में मतदान करें। यह चुनाव न केवल शहर की सरकार तय करेगा, बल्कि राज्य सरकार को भी कड़ी चेतावनी देगा और अहंकारी सरकार को सबक सिखाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया कि पद और वर्दी की मर्यादा न तोड़ें तथा राज्य सरकार का टूलकिट बनने से बचें। भाजपा सभी पर पैनी नजर रख रही है। लोकतंत्र को कलंकित करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक और प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

















