झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा पर भाजपा का सवाल, बढ़ते दुष्कर्म मामलों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने राज्य में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बुधवार को जारी बयान में शोभा यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में दुष्कर्म के 1,073 मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि औसतन हर माह 130 से 140 महिलाएं और बेटियां इस जघन्य अपराध का शिकार हुई हैं, जो राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में पीड़िताएं आरोपियों को पहले से जानती थीं, जो सामाजिक और सुरक्षा व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक संकेत है। भाजपा प्रवक्ता ने रांची के तुपुदाना क्षेत्र में एक बच्ची के साथ हुई कथित दुष्कर्म की घटना तथा रातू क्षेत्र से सामने आए मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इसके अलावा गुमला, गोड्डा और दुमका समेत विभिन्न जिलों से लगातार सामने आ रही घटनाएं अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाती हैं।
शोभा यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल घोषणाओं और संवेदनाएं व्यक्त करने से सुनिश्चित नहीं होगी। उन्होंने राज्य सरकार से दुष्कर्म के मामलों की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध सुनवाई कराने, दोषियों को कठोर सजा दिलाने तथा पीड़िताओं और उनके परिवारों को सुरक्षा, कानूनी सहायता, उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
















