बोकारो पुलिस ने ATM धोखाधड़ी के मामले में तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

बोकारो पुलिस ने एक बड़े ATM धोखाधड़ी मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। यह कार्रवाई माराफारी थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 54/2025 के तहत की गई, जिसमें धारा 318(4)/319(2) BNS-2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना 22 जून 2025 की है, जब मखदमपुर, बालीडीह निवासी निखत प्रवीण के पति मो. मुर्तजा अंसारी सिवनडीह में बैंक ऑफ इंडिया के ATM से अपने HDFC बैंक खाते से पैसे निकालने गए थे। पैसे निकालने के बाद उनका ATM कार्ड मशीन में फंस गया। परेशान होकर उन्होंने ATM की दीवार पर लिखे मोबाइल नंबर 9204545763 पर संपर्क किया। कॉल करने पर उन्हें निर्देश दिया गया कि वे पीछे हटकर अपना पिन नंबर डालें। इसके बाद उन्हें बांसगोड़ा SBI ATM के पास इंजीनियर से मिलने को कहा गया। हालांकि, इस दौरान उनके खाते से 3,87,999 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।

मामले की शिकायत पर माराफारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर जांच शुरू हुई। जांच के दौरान मोबाइल नंबर 9204545763 के धारक लक्ष्मण कुमार (पिता सुनिल रजक, निवासी पुराना नगर, कोडरमा) का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि लक्ष्मण ने पैसे के लालच में अपना मोबाइल नंबर, यूनियन बैंक का खाता, पासबुक और ATM कार्ड कोडरमा निवासी सूरज शर्मा (पिता अजय शर्मा) को सौंप दिया था। सूरज ने यह सामग्री शशी शेखर (पिता आनंदी सिंह, निवासी धनकाल, बारसली गंज, नवादा, बिहार) को दी, जिसने इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
19 सितंबर 2025 को पुलिस ने तीनों अभियुक्तों शशी शेखर, लक्ष्मण कुमार और सूरज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक सैमसंग और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। कांड का अनुसंधान सहायक अवर निरीक्षक (स.अ.नि.) अरविंद प्रसाद यादव द्वारा किया जा रहा है।
बोकारो पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ATM या ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध नंबर या व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले पुलिस से संपर्क करें।

















