रांची शूटआउट केस का खुलासा: गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के 4 शूटर गिरफ्तार, धनबाद में मुठभेड़
रांची : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित The Tito’s Restaurant में होटल स्टाफ मनीष गोप की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह से जुड़े चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:25 बजे हुई थी, जब प्रिंस खान के सहयोगियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 12/26 के तहत कई धाराओं और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने एसआईटी का गठन किया। पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट कोहली, मो. शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर और पप्पू भुइयां शामिल हैं।
16 मार्च की सुबह धनबाद के बोरागढ़-भागाबांध क्षेत्र में एक खंडहरनुमा मकान में छिपे अपराधियों के साथ रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में विक्की डोम और कुबेर सिंह के पैर में गोली लगी, अफजल अमन भागने के दौरान घायल हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं। इस संबंध में पुटकी थाना में एक अलग कांड दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा का गठजोड़ काम कर रहा है। दोनों गिरोह मिलकर संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे कार्रवाई जारी है।


















