सिंदूरदान से शॉपिंग तक… फिर हाईवे पर ‘विदाई’! धनबाद में दूल्हे को लूट कर भागी दुल्हन ..
धनबाद: शादी के सपने लेकर राजस्थान से झारखंड पहुंचे दूल्हे गुल्लू नट को शायद अंदाजा नहीं था कि यहां सिंदूरदान के बाद ऐसी ‘विदाई’ होगी कि यादें जिंदगी भर पीछा करेंगी। बरवाअड्डा इलाके में सामने आए एक मामले में दूल्हा पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी की रस्में पूरी कराने के बाद कथित दुल्हन और उसके साथियों ने पहले खरीदारी कराई और फिर सुनसान हाईवे पर पहुंचाकर मारपीट की और सामान लेकर फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कहानी की शुरुआत भी बाकायदा शादी वाले अंदाज में हुई। पिछले करीब दस दिनों से फोन पर शादी की बातचीत चल रही थी। राजस्थान के अलवर से दूल्हा पक्ष बरवाअड्डा पहुंचा। रिश्ता इतना ‘पक्का’ लगा कि 40 हजार रुपये फोन-पे से भी रिश्ते की मुहर लगा दी गई।
इसके बाद सिंदूरदान हुआ। यानी दूल्हे को लगा कि अब मामला ‘हैप्पी मैरिज’ वाला है। लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट अभी बाकी था।

पहले शादी, फिर शॉपिंग… और आखिर में ‘सरप्राइज’!
शादी की रस्म पूरी होने के बाद लड़की पक्ष दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड की एक कपड़ा दुकान लेकर पहुंचा। यहां करीब 70 हजार रुपये की खरीदारी कराई गई। आरोप है कि इसके बाद सोने-चांदी के गहने भी खरीदे गए।
यानी दूल्हे पक्ष को लगा होगा कि शादी में खरीदारी तो होती ही है। उन्हें क्या पता था कि बिल के साथ कहानी का बिल भी बनने वाला है!
खरीदारी पूरी होते ही कथित तौर पर दूल्हे पक्ष को नेशनल हाईवे के एक सुनसान इलाके में ले जाया गया। यहां मामला अचानक शादी के मंडप से निकलकर ‘एक्शन सीन’ में पहुंच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और दूल्हे के पिता श्याम का मोबाइल भी छीन लिया गया।
इसके बाद कथित दुल्हन काजल और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
दूल्हे को मिली शादी की ऐसी ‘रसीद’, जिसे कोई संभालकर नहीं रखना चाहेगा
घटना के बाद पीड़ित परिवार बरवाअड्डा थाना पहुंचा। पुलिस को कपड़े की दुकान के बिल और फोन-पे ट्रांजैक्शन की जानकारी भी दी गई है।
अब पुलिस इन दस्तावेजों के सहारे कथित दुल्हन और उसके साथियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है। लेकिन अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह शादी कम और ‘पहले भरोसा, फिर खरीदारी और आखिर में सफाई से फरारी’ वाला पूरा पैकेज ज्यादा नजर आएगा।
दूल्हा पक्ष राजस्थान से झारखंड दुल्हन लेने आया था। फिलहाल दुल्हन तो नहीं मिली, लेकिन खरीदारी के बिल जरूर मिल गए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इन बिलों से उस कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ तक पहुंचती है या नहीं।

















