एशियन गेम्स 2026 के लिए रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम, झारखंड की चार बेटियां टीम में

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: FIH महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल करने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम 20वें एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना हो गई है। टीम की कमान झारखंड की स्टार खिलाड़ी और सिमडेगा की सलीमा टेटे संभाल रही हैं।
भारतीय टीम की नजर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने पर है। टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें कप्तान सलीमा टेटे के अलावा खूंटी की निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और सिमडेगा की दीपिका सोरेंग शामिल हैं।
झारखंड की इन चार बेटियों की मौजूदगी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में राज्य की मजबूत पहचान को साबित किया है। खास तौर पर सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी मिलने से झारखंड के खेल जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।

जापान के खिलाफ 25 सितंबर को मुकाबला
एशियन गेम्स में भारत को पूल-B में जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद 21 सितंबर को इंडोनेशिया, 23 सितंबर को थाईलैंड, 25 सितंबर को जापान और 27 सितंबर को सिंगापुर से मुकाबला होगा। महिला हॉकी का स्वर्ण पदक मुकाबला 2 अक्टूबर को खेला जाएगा।

शानदार फॉर्म में है भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम का 2026 में प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने FIH महिला नेशंस कप का खिताब जीतकर महिला प्रो लीग में प्रमोशन हासिल किया। इसके बाद वर्ल्ड कप में पांचवां स्थान हासिल कर टीम ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। अब सलीमा टेटे की अगुवाई में भारतीय टीम एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर LA 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
















