Asian Games 2026: Four daughters of Jharkhand in the Indian women's hockey team; Salima Tete named captain again.

एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार बेटियां, सलीमा टेटे फिर बनीं कप्तान

Share
Link copied
Asian Games 2026: Four daughters of Jharkhand in the Indian women's hockey team; Salima Tete named captain again.
Asian Games 2026: Four daughters of Jharkhand in the Indian women’s hockey team; Salima Tete named captain again.

शंभू कुमार सिंह

रांची: झारखंड के लिए गर्व की बात है कि 20वें एशियाई खेल (एशियन गेम्स) 2026 के लिए घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम में राज्य की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार, 10 जुलाई को 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग को जगह मिली है। टीम की कमान एक बार फिर झारखंड की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है।

सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं और पिछले दो वर्षों से टीम की कप्तानी कर रही हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशन्स कप में उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम किया था। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सलीमा झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं, जिन्हें यह सम्मान मिला है।

खूंटी की निक्की प्रधान भारतीय टीम की अनुभवी डिफेंडर हैं। 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की पिछले एक दशक से राष्ट्रीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं। उन्होंने ओलंपिक, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

ब्यूटी डुंगडुंग ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में वापसी की है। आक्रामक फॉरवर्ड के रूप में उनकी मौजूदगी भारतीय आक्रमण को मजबूती देगी। वहीं दीपिका सोरेंग लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए टीम में अपनी जगह बनाए हुए हैं। उनकी गति और फिनिशिंग भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने चार खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को सही समय पर मार्गदर्शन और अवसर मिलने से राज्य लगातार राष्ट्रीय टीम को खिलाड़ी दे रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीनियर टीम में चार, जूनियर टीम में चार और सब-जूनियर टीम में छह झारखंडी खिलाड़ी विदेशी दौरों के लिए चुने गए हैं, जो राज्य की मजबूत हॉकी संस्कृति का प्रमाण है।

RKDF
Adv

20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होंगे। भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच स्जोर्ड मारिज्ने होंगे।

झारखंड की चार बेटियों का एक साथ भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन राज्य के खेल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल झारखंड का गौरव बढ़ा है, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। हॉकी झारखंड और खेल विभाग ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।