NTPC टंडवा के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चतरा: चतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टंडवा क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक नाप-तौल मशीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर NTPC टंडवा के गेट नंबर-2 से कमता जाने वाली सड़क पर छापेमारी की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (25 वर्ष), निवासी पचड़ा, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग तथा विकाश कुमार महतो (24 वर्ष), निवासी नईपारम, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, एक डिजिटल नाप-तौल मशीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में टंडवा थाना कांड संख्या 165/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चतरा पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

















