बजट 2026 को शेयर बाजार ने ठुकरा दिया: सेंसेक्स 854 अंक टूटा, निफ्टी 278 अंक लुढ़का; STT बढ़ोतरी से मचा कोहराम
नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश यूनियन बजट 2026 को शेयर बाजार बिल्कुल पसंद नहीं आया। बजट भाषण के बाद बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांक गहराई में डूब गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दोपहर 12:21 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 854.29 अंकों (1.04%) की तेज गिरावट के साथ 81,415.49 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 278.30 अंकों (1.10%) के भारी नुकसान के साथ 25,042.35 पर पहुंच गया।
बजट में फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) सेगमेंट पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाए जाने की घोषणा ने निवेशकों को सबसे ज्यादा झटका दिया। STT में यह बढ़ोतरी डेरिवेटिव ट्रेडिंग को महंगा बनाने वाली साबित हुई, जिसके बाद बाजार में जबरदस्त मुनाफावसूली और बिकवाली का दौर शुरू हो गया। एक समय पर सेंसेक्स 2,000 से ज्यादा अंकों तक गिर चुका था, हालांकि बाद में कुछ रिकवरी देखी गई।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बजट में निवेशकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने और ट्रेडिंग लागत बढ़ने से बाजार का मूड पूरी तरह बिगड़ गया। कई सेक्टर्स में भारी दबाव देखा जा रहा है, जबकि कुछ डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े शेयरों में हल्की तेजी बनी हुई है।

















