चतरा : नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, तीसरे की तलाश जारी; दोनों शवों की पहचान नहीं
चतरा में तड़गू नदी के चटनिया घाट की घटना, मौके से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल और दो बैग बरामद
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित तड़गू नदी के चटनिया में शुक्रवार को दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। दोनों शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, घटना के बाद से एक अन्य बच्चे के भी लापता होने की सूचना है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तीन बच्चे नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों को नदी में दो बच्चों के शव दिखाई दिए। एक शव नदी के अंदर, जबकि दूसरा नदी किनारे मिला।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही तीसरे बच्चे की भी तलाश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीसरा बच्चा भी नदी में डूबा है या घटना के बाद वहां से निकल गया।

नदी किनारे मिला बच्चों का सामान
घटनास्थल के पास ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान भी मिला है। पुलिस इन सामानों के आधार पर बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद सामान उन्हीं तीन बच्चों का है या किसी अन्य व्यक्ति का।
दो बच्चों के शव मिलने और तीसरे बच्चे के लापता होने की खबर के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

















