सिमडेगा में कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट: 40 युवाओं का इंटरव्यू, पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने की पहल
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रीय मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत सिमडेगा जिला कांग्रेस कमिटी ने गुरुवार को जिला कार्यालय में युवा प्रतिभाओं की खोज के लिए इंटरव्यू आयोजित किया। जिला अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा की अध्यक्षता में कुल 40 युवाओं का साक्षात्कार लिया गया।
प्रदेश से आए जिला कन्वीनर शशि भूषण राय, दयामनी बारला एवं जॉय बेक ने यूथ मीडिया टैलेंट हंट में शामिल प्रतिभागियों का इंटरव्यू लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि वर्तमान समय सूचना और मीडिया का युग है। सच्चाई, सही सोच और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी युवाओं को न केवल राजनीति में, बल्कि मीडिया जैसे शक्तिशाली माध्यम से भी आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस टैलेंट हंट के माध्यम से ऐसे युवाओं का चयन किया जा रहा है जो पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी तरीके से पहुंचा सकें।
प्रदेश जिला कन्वीनर दयामनी बारला ने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर से उन युवाओं को पहचानना है जो सामाजिक सरोकारों और संगठन की आवाज को जिम्मेदारी से उठा सकें। वहीं, शशि भूषण राय ने प्रतिभागियों की तैयारी और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता वाले युवा मीडिया में आगे आएंगे तो लोकतंत्र और संगठन दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस टैलेंट हंट से नए, ऊर्जावान और जागरूक चेहरे सामने आएंगे जो समाज व संगठन के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन मजबूत बनता है।
कार्यक्रम की सफलता में मीडिया प्रभारी तनवीर अहमद और अरविंद लुगून की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महिला जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा, सेवा दल अध्यक्ष सामरोम पौल तोपनो, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष बिपिन पंकज मिंज, नगर अध्यक्ष अरशद हुसैन (अक्षण), नगर विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद, विधायक प्रतिनिधि तिलका रमन, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष जीशान फिरदोस, शोभेन तिग्गा, लखन गुप्ता, मो. अरमान, अनूप मिंज, डॉ. इम्तियाज हुसैन, शमीम अंसारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के राष्ट्रीय मीडिया टैलेंट हंट का हिस्सा है, जो देशभर में नए प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की तलाश कर रहा है। झारखंड में भी विभिन्न जिलों में यह प्रक्रिया जारी है, जिससे पार्टी की मीडिया टीम को नई ऊर्जा मिलेगी।

















