कांग्रेस का टैलेंट हंट अभियान शुरू, सिमडेगा में भी युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

कांग्रेस का टैलेंट हंट अभियान शुरू, सिमडेगा में भी युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देशव्यापी ‘टैलेंट हंट अभियान’ की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। सिमडेगा जिला कांग्रेस ने भी इस अभियान को जोर-शोर से शुरू कर दिया है।

सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कन्वीनर दयामणि बारला ने बताया कि यह अभियान 18 नवंबर को पूरे देश में लॉन्च किया गया है और 5 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। अभियान के तहत चार कैटेगरी में प्रतिभाओं का चयन होगा जिनमें प्रवक्ता, पैनलिस्ट, रिसर्च टीम और सोशल मीडिया टीम शामिल हैं।

चयनित उम्मीदवारों का जोनल स्तर पर 11 से 20 दिसंबर के बीच इंटरव्यू होगा। चयन पूरी तरह योग्यता, कांग्रेस विचारधारा के प्रति समर्पण, भाषा पर पकड़, संवाद कौशल, राजनीतिक जागरूकता और जनता की आवाज बनने की क्षमता के आधार पर होगा।

दयामणि बारला ने कहा, “यह अभियान खासकर युवा पीढ़ी के लिए सुनहरा अवसर है। इसमें चयनित युवा सीधे राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ता तक बन सकते हैं।”

प्रदेश को 8 जोन में बांटा गया है और सिमडेगा जिला 8वें जोन में शामिल है। उन्होंने जिले के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने और इस अभियान का प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता सिमडेगा विधायक सह जिला अध्यक्ष भूषण बड़़ा ने की। इस मौके पर महिला जिला अध्यक्ष जोसफिना खाखा, सेवा दल जिला अध्यक्ष सामरोम पॉल तोपनो, जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन, सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर अरविंद लुगुन, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, सिलवेस्टर बघवार, रोहित तिग्गा, प्रखंड अध्यक्ष तुलसी खलखो, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष जीशान फिरदोस, विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, शीतल तिर्की, शकील अहमद, तिलका रमन, गुड्डू खान, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेस, युवा प्रखंड अध्यक्ष गुलशन एक्का सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

इच्छुक युवा 5 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह अभियान कांग्रेस को नई ऊर्जा और नए चेहरों से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow