धनबाद में अवैध कोयला तस्करी पर CISF का बड़ा एक्शन, 5 ट्रक जब्त

धनबाद में अवैध कोयला तस्करी पर CISF का बड़ा एक्शन, 5 ट्रक जब्त

Share
Link copied

धनबाद : कोयलांचल धनबाद में अवैध कोयला खनन और तस्करी का खेल एक बार फिर उजागर हुआ है। रात के अंधेरे में खुलेआम चल रहे इस काले कारोबार पर इस बार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रकों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, CISF को गुप्त सूचना मिली थी कि निरसा के रास्ते अवैध रूप से कोयले की खेप बाहर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने रविवार रात इलाके में घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया।

गश्ती के दौरान संदिग्ध हालत में गुजर रहे पांच भारी वाहनों को रोका गया। जब इन ट्रकों की तलाशी ली गई, तो सभी कोयले से लदे पाए गए। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने चालकों से परिवहन से संबंधित वैध कागजात और चालान की मांग की, लेकिन वे कोई भी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दस्तावेज नहीं मिलने पर CISF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों ट्रकों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों में BR 01 GP 1715, BR 06 C 6598, BR 44 CA 7207, DD 01 M 9446 और BR 24 CD 1281 शामिल हैं। इसके बाद CISF टीम ने सभी जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए निरसा थाना को सौंप दिया है।

कोयलांचल क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सुरक्षा बलों की इस सख्ती से कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इस अवैध कारोबार पर नकेल कसने के मूड में नजर आ रही हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।