direct-train-will-run-president-draupadi

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गांव बादामपहाड़ से पुरी के लिए चलेगी सीधी ट्रेन, झारखंड को भी सौगात

Share
Link copied

राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र को जगन्नाथ धाम से जोड़ने की पहल, टाटानगर और चाईबासा समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र बादामपहाड़ से भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की दिशा में रेलवे ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बादामपहाड़ से पुरी के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिलने की खबर से झारखंड और ओडिशा के यात्रियों में उम्मीद जगी है। इस रेल सेवा से राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र मयूरभंज के साथ-साथ झारखंड के कोल्हान क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलने की संभावना है। नई ट्रेन शुरू होने से पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन का एक और विकल्प मिलेगा। वहीं, टाटानगर, चाईबासा, राजखरसावां और रायरंगपुर जैसे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों को भी सीधी रेल सेवा का फायदा मिल सकता है।

Durga puja
Advertisement

राष्ट्रपति के गृह क्षेत्र से जगन्नाथ धाम तक सीधा रेल संपर्क

द्रौपदी मुर्मू का पैतृक गांव उपरबेड़ा ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित है। बादामपहाड़ इसी क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। इस क्षेत्र को पुरी से सीधी ट्रेन के माध्यम से जोड़ने की पहल धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय रेल संपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए झारखंड और ओडिशा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचते हैं। ऐसे में नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

टाटानगर और चाईबासा के यात्रियों को भी फायदा

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार, पुरी से ट्रेन संख्या 18411 रात 11:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:45 बजे बादामपहाड़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18412 बादामपहाड़ से शाम 4 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजे पुरी पहुंचेगी। मार्ग में भुवनेश्वर, कटक, केंदुझर, बांसपानी, डांगोआपोसी, झींकपानी, चाईबासा, राजखरसावां, सिनी, टाटानगर और रायरंगपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव प्रस्तावित है।

उद्घाटन और परिचालन की तारीख का इंतजार

नई रेल सेवा से झारखंड और ओडिशा के बीच संपर्क मजबूत होने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ट्रेन के उद्घाटन, टिकट बुकिंग और नियमित परिचालन शुरू होने की तारीख की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही यात्री अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।

ABOUT THE AUTHOR
आकाश सिंह

आकाश सिंह

वरिष्ठ संवाददाता

आकाश सिंह - पिछले करीब 18 वर्षों से राजनीतिक और क्राइम बीट पर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इस दौरान जमीनी रिपोर्टिंग, चुनाव कवरेज, प्रशासनिक मुद्दों और संवेदनशील मामलों पर गहराई से काम किया है। साथ ही, पिछले लगभग 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अनुभव रखते हैं, जहां न्यूज स्क्रिप्ट लेखन, वीडियो कंटेंट निर्माण, वॉइसओवर और सोशल मीडिया के लिए प्रभावी कंटेंट तैयार किया है