राजमहल में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, एक्सपायरी शीतल पेय और सोडा बरामद

साहिबगंज: खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजमहल प्रखंड क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक्सपायरी डेट में टेंपरिंग एवं री-लेबलिंग के खिलाफ बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!खाद्य सुरक्षा अधिकारी नौरंग देव कुमार और आशीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान राजमहल क्षेत्र की करीब 20 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों में एक्सपायरी हो चुकी फैंटा और थम्स अप शीतल पेय की बोतलें पाई गईं। इसके अलावा बड़ी संख्या में एक्सपायरी सोडा की बोतलें भी बरामद की गईं।

अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का पालन करने और एक्सपायरी अथवा री-लेबल किए गए उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में अनियमितताओं को रोकने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और पैकेजिंग की सावधानीपूर्वक जांच करें तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर इसकी सूचना विभाग को दें।
















