जतरा मेला देख लौट रही दो नाबालिग आदिवासी बालिकाओं से सामूहिक दुष्कर्म: 8 अभियुक्त गिरफ्तार
गिरिडीह जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीरटांड़ प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 25 जनवरी की रात जतरा मेला देखकर घर लौट रही दो नाबालिग आदिवासी बालिकाओं के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। खुखरा (हरलाडीह) थाने में मामला दर्ज होने के बाद डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। घटनास्थल पर श्वान दस्ता, रांची की विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम और तकनीकी शाखा की मदद ली गई।
मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनमें राजेश मुर्मू (26 वर्ष), रविलाल टुडू (23 वर्ष) संजय टुडू (21 वर्ष) आयरनसोहन टुडू (23 वर्ष) शामिल हैं। इनके अलावा चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 7 मोबाइल फोन और एक जींस पैंट बरामद किए गए हैं।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि एक अभियुक्त अभी भी फरार है। उसकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होने की उम्मीद है।
















