भाभी-देवर का प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण! पति को सुपारी देकर करवाया कत्ल, गोड्डा पुलिस ने खोला खौफनाक राज
गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में जनवरी के अंत में हुई एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला अब पूरी तरह सुलझ गया है। पुलिस ने न सिर्फ हत्या के तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, बल्कि खौफनाक साजिश का भी पर्दाफाश किया है – जिसमें मृतक की पत्नी और देवर ने मिलकर प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की प्लानिंग की थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की पूरी कहानी कुछ इस प्रकार है:
दिनांक 27/28 जनवरी 2026 की रात महागामा थाना अंतर्गत मांगन पिपरा गांव में पान दुकानदार अमीत मोदी (पिता अरुण मोदी, उम्र करीब 32 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। इस संबंध में महागामा थाना में कांड संख्या-12/26 दर्ज किया गया था।
कांड की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। SIT टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर न केवल मामले का उद्भेदन हुआ, बल्कि तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा
अनुसंधान से पता चला कि हत्या की पूरी साजिश मृतक अमीत मोदी की पत्नी सोनी देवी और उसके देवर रोहित मोदी ने मिलकर रची थी। दोनों के बीच पिछले 5-6 वर्षों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों अमीत मोदी की हत्या कर आपस में विवाह करना चाहते थे।
रोहित मोदी ने अपने गांव के ही दोस्त मोहम्मद शाईन आलम को 1 लाख रुपये की सुपारी दी। शाईन ने सुपारी में से 25,000 रुपये अपने पड़ोसी विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को दिए और दोनों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
हत्या से एक सप्ताह पहले हटिया से गंडासा खरीदा गया। घटना की रात 27 जनवरी 2026 को शाईन और बिदो ने शराब पिलाने के बहाने अमीत को घर से बुलाया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने गंडासे से सिर पर वार कर अमीत की हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए अमीत की पत्नी सोनी देवी ने उसके मोबाइल को बंद कर छुपा लिया और बाद में गंगा स्नान के दौरान गंगा नदी में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शाईन आलम, विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो और सोनी देवी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का गंडासा, घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और एक महुआ शराब जैसा पदार्थ वाली पारदर्शी प्लास्टिक बोतल बरामद किए हैं। अभियुक्तों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।

















