रांची पुलिस की बड़ी सफलता: कुख्यात राहुल सिंह गिरोह पर करारा प्रहार, 3 अपराधी हथियारों के साथ गिरफ्तार

रांची पुलिस की बड़ी सफलता: कुख्यात राहुल सिंह गिरोह पर करारा प्रहार, 3 अपराधी हथियारों के साथ गिरफ्तार

Share
Link copied

रांची : राजधानी रांची में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज हो गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात राहुल सिंह के संगठित अपराधी गिरोह के सदस्य रांची के व्यवसायियों में दहशत फैलाने के इरादे से जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निकट अवैध हथियारों का लेन-देन करने वाले हैं।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के दक्षिणी चारदीवारी के पास झाड़ी और मैदान क्षेत्र में छापेमारी की और दो अपराधियों को अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और अपाची बाइक के साथ दबोच लिया।

पूछताछ में दोनों अपराधियों ने बताया कि वे राहुल सिंह के निर्देश पर रांची आए थे और यहां गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए उसके आदेश का इंतजार कर रहे थे। गहन पूछताछ के दौरान एक और अपराधी के रांची में मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके निशानदेही पर तीसरा अपराधी भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 032/2026 दिनांक 15.02.2026 दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और अपाची बाइक बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा, रियांश सिंह उर्फ स्वतंत्र उर्फ आर.डी.एक्स और अश्वनी कुमार उर्फ पर्वता उर्फ कटप्पा उर्फ जॉनी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि अश्वनी कुमार उर्फ पर्वता उर्फ कटप्पा उर्फ जॉनी राहुल सिंह गिरोह का प्रमुख सदस्य है। वह पहले अमन साहू के गिरोह में सक्रिय था, फिर राहुल दुबे के लिए काम किया और वर्तमान में राहुल सिंह के गिरोह में है। गिरोह में उसकी मुख्य भूमिका अवैध हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराना, व्यवसायियों के नंबर जुटाना तथा व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज तैयार करना रही है।

रांची पुलिस की इस कार्रवाई से राहुल सिंह गिरोह को बड़ा झटका लगा है, जो हाल के महीनों में रंगदारी, फायरिंग और दहशत फैलाने की घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस आगे की जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने का दावा कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow