स्वर्ण पदक विजेता मोनिता कुमारी व दीपिका कुमारी का विद्यालय में भव्य स्वागत
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोलबा (सिमडेगा) : बोलबा वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड के तत्वावधान में बोकारो के मोहन कुमार मंगल स्टेडियम में आयोजित 25वीं जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025 में सरस्वती शिशु मंदिर, वनदुर्गा बोलबा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रखंड तथा जिले का नाम रोशन किया।
विद्यालय की छात्रा दीपिका कुमारी ने जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मोनिता कुमारी ने सब-जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। इन दोनों बहनों का विद्यालय परिसर में पुष्पगुच्छ भेंटकर तथा तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम का फल है। प्रधानाचार्य ने वनवासी कल्याण केंद्र, सिमडेगा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ने वनदुर्गा जैसे दूरस्थ ग्रामीण विद्यालय को राज्य स्तरीय मंच प्रदान किया है। साथ ही विद्यालय को खेल केंद्र घोषित करना गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य ने आगे जानकारी दी कि आगामी 1 जनवरी 2026 से विद्यालय में प्रथम कक्षा तक नामांकन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। खेल केंद्र में भी नामांकन निःशुल्क किया गया है। इच्छुक अभिभावक विद्यालय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में शंकर सिंह, देवकी कुमारी, उर्मिला कुमारी, बृहस्मानी कुमारी, जानकी सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे।

















