गुमला में आज भव्य आयोजन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ‘कार्तिक जतरा 2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में होंगी शामिल
गुमला : झारखंड के गुमला जिले में आज अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ का भव्य आयोजन हो रहा है। यह दो दिवसीय महोत्सव रायडीह प्रखंड के मांझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक बैरियर बगीचा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी, जो आज मंगलवार को यहां पहुंचेंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर गुमला जिले को अस्थायी रूप से नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी पारंपरिक खोड़हादल नृत्य मंडलियां अपनी लोक कला, नृत्य और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
यह कार्यक्रम आदिवासी नेता कार्तिक उरांव की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है और इसमें झारखंड सहित पड़ोसी राज्यों के कलाकार भाग ले रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झारखंड दौरा 28 दिसंबर से शुरू हुआ है, जिसमें उन्होंने जमशेदपुर में ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह और एनआईटी दीक्षांत समारोह में भी शिरकत की। आज का कार्यक्रम उनके दौरे का अंतिम चरण है।

















