गुरु गोबिंद सिंह जयंती: देशभर में श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा प्रकाश पर्व
गुरु गोबिंद सिंह जयंती: देशभर में श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा प्रकाश पर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर श्रद्धांजलि अर्पित की
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नई दिल्ली, 27 दिसंबर : सिख धर्म के दसवें और अंतिम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती आज देशभर में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा: “श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र प्रकाश उत्सव के अवसर पर हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। वे साहस, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं। उनका जीवन और शिक्षाएं हमें सत्य, न्याय, धर्म और मानव गरिमा की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।”पीएम मोदी ने आगे कहा कि गुरु जी का दृष्टिकोण पीढ़ियों को सेवा और निस्वार्थ कर्तव्य की ओर मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी की अपनी यात्रा की तस्वीरें भी साझा कीं।
जाहिर है यह प्रकाश पर्व गुरु जी के जीवन, शिक्षाओं और बलिदानों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने खालसा पंथ की स्थापना कर समानता, न्याय और साहस की मिसाल कायम की।गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म 1666 में पटना साहिब (बिहार) में हुआ था। उन्होंने मुगल शासकों के अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किया और सिख समुदाय को संगठित कर धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित किया। गुरु जी ने पांच ककार (केश, कृपाण, कड़ा, कंघा, कछेरा) को सिख पहचान का हिस्सा बनाया और ‘सवा लाख से एक लड़ाऊं’ का संदेश देकर वीरता की प्रेरणा दी।आज गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन और लंगर का आयोजन हो रहा है। जगह-जगह नगर कीर्तन निकाले जा रहे हैं, जिसमें श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के साथ शामिल हो रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

















