साहिबगंज सदर प्रखंड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य मेला का किया गया आयोजन
प्रीतम पांडे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!साहिबगंज : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य भर में चलाए जा रहे प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला अभियान के तहत साहिबगंज सदर प्रखंड में स्वास्थ्य मेला का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाना तथा एक ही स्थान पर निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
मेले का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख बीना देवी, बीडीओ बासुकीनाथ टुडू, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में कुल 18 स्टॉल लगाए गए थे, जहां विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं।
ग्रामीणों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड ऑन द स्पॉट बनाए गए। इसके अलावा सभी प्रकार की जांचें, डॉक्टरों द्वारा मरीजों का चेकअप तथा आवश्यक दवाओं का मुफ्त वितरण किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेले का आयोजन लोगों को सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने, चिकित्सीय परामर्श, जांच और दवा को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए किया गया है। इससे ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है और वे आसानी से स्वास्थ्य सुविधाओं का उपयोग कर पा रहे हैं।
यह स्वास्थ्य मेला झारखंड सरकार के निर्देशानुसार 6 से 10 जनवरी तक विभिन्न प्रखंडों में आयोजित किए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य राज्य भर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।

















