20260109 205118

झारखंड की किशोरियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से मिल रहा सशक्तिकरण का बल

रांची : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत राज्य की हजारों किशोरियों को शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में मजबूती मिल रही है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 2 लाख 78 हजार से अधिक बालिकाओं के खातों में 104 करोड़ 65 लाख रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर 2022-23 में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य किशोरियों को आर्थिक बाधाओं से मुक्त कर निरंतर शिक्षा प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को चरणबद्ध तरीके से कुल 40,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जिससे वे पढ़ाई जारी रख सकें और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकें।

इस वित्तीय वर्ष से आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राएं अपने स्कूल के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल savitribaipksy.jharkhand.gov.in पर आवेदन कर सकती हैं। अब तक राज्य भर में 6,07,467 बालिकाओं के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 2,78,463 लाभार्थियों को राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।

राज्य में ई-विद्यावाहिनी पर दर्ज 15,007 स्कूलों में से 13,469 स्कूलों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। शेष स्कूलों से आवेदन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।

आवेदन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, बीईईओ और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। साथ ही, तकनीकी सहायता भी लगातार दी जा रही है।

योजना का लाभ लेने के लिए कक्षा 8वीं से 12वीं तक की सभी पात्र बालिकाएं जल्द से जल्द अपने स्कूल से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन करें। अधिक जानकारी या सहायता के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक, बीईईओ या प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

Share via
Send this to a friend