निर्लज्ज बनकर घाटशिला उपचुनाव में वोट मांग रहा इंडी ठगबंधन: बाबूलाल मरांडी
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घाटशिला उपचुनाव प्रचार को तेज करते हुए राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। दामपाड़ा हाट मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मरांडी ने इंडी गठबंधन को ‘निर्लज्ज ठगबंधन’ करार दिया और कहा कि पिछले 6 वर्षों से सत्ता का सुख भोग रही यह सरकार अब निर्लज्जता से उपचुनाव में जनता से वोट मांग रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बाबूलाल मरांडी ने कहा, “राज्य में अबुआ सरकार नहीं, बल्कि दलाल, बिचौलिया और भ्रष्टाचारी सरकार है। पिछले 6 वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ, केवल लूट हो रही है। मुख्यमंत्री के संरक्षण में दलाल और बिचौलिए राज्य के बालू, खनिज, लोहा तथा कोयला लूट रहे हैं।”
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली
उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। कहा कि अस्पतालों में दवाइयां नहीं, डॉक्टर नहीं, नर्स नहीं और एंबुलेंस तक नहीं हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। गरीबों की वृद्धा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन बंद हैं। मईया सम्मान योजना की राशि रोहिंग्या और बांग्लादेशी भी लूट ले रहे हैं।
गरीबों पर अत्याचार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गरीबों को घर बनाने के लिए बालू तक नहीं मिल रहा। गरीब का बालू भरा ट्रैक्टर थानेदार पकड़ लेता है और पैसा वसूलता है, लेकिन दलालों के हाइवा को पुलिस कभी नहीं पकड़ती क्योंकि थाना पुलिस की इनसे मिलीभगत है।
युवाओं की अनदेखी
राज्य के युवाओं की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। नौकरियां रातों-रात बिक रही हैं, परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। न नौकरी मिल रही है, न बेरोजगारी भत्ता।
आदिवासियों की जमीन लूट और महिलाओं की असुरक्षा
उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों की जमीन लूट ली जा रही है, बहन-बेटियां असुरक्षित हैं। फिर हेमंत सरकार किस मुंह से खुद को ‘अबुआ सरकार’ का मुखिया कहती है? घाटशिला क्षेत्र में बांग्लादेशी रोहिंग्या घुसपैठिए हेमंत सरकार के संरक्षण में बसाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की डेमोग्राफी बदल रही है।
भाजपा की चिंता और केंद्र सरकार की भूमिका
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, दलित और पिछड़ों की चिंता यदि किसी ने की तो वह भारतीय जनता पार्टी है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग राज्य ही नहीं बनाया, बल्कि बुनियादी सुविधाओं का विकास भी किया। पिछले 11 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार झारखंड के विकास की चिंता कर रही है और आदिवासियों को सम्मान दे रही है। वहीं हेमंत सरकार केंद्र की योजनाओं को रोकने में लगी रहती है।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव में झारखंड की जनता घाटशिला के मतदाताओं की ओर देख रही है। भले ही इससे सरकार नहीं बनेगी, लेकिन राज्य सरकार को सबक सिखाने का अवसर जरूर है। जनता अब लूट, भ्रष्टाचार, दलाली और माफियागिरी बर्दाश्त नहीं करेगी।
अंत में बाबूलाल मरांडी ने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से हर घर जाकर मतदाता संपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि जनता एनडीए प्रत्याशी को जिताने का मन बना चुकी है।

















