मानदेय बढ़ाने की मांग पर जूनियर डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। पिछले एक महीने से काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे डॉक्टरों ने अब आंदोलन को तेज करते हुए कार्य बहिष्कार का रास्ता अपनाया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हालांकि, हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गई हैं, लेकिन ओपीडी और अन्य नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। इससे अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वे लंबे समय से मानदेय में वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका आरोप है कि उन्हें बिहार के तर्ज पर उचित मानदेय नहीं मिल रहा, जबकि कार्यभार और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
हड़ताल के कारण कोल्हान क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सीधा असर पड़ा है। यह अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख सरकारी मेडिकल संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए निर्भर रहते हैं। दूर-दराज से आने वाले कई मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ रहा है या मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। वहीं, जूनियर डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।














