तिलैया में सनसनी: सनकी पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या, प्लास्टिक में मिला शव
कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती वार्ड नंबर 2 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के राजधनवार की रहने वाली थी।
शादी के तीन साल बाद हुआ खौफनाक अंत
मृतका के मामा अनिल स्वर्णकार के अनुसार, प्रीति की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व पवन स्वर्णकार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पवन पेशे से टोटो चालक था और झुमरी तिलैया में किराए के मकान में पत्नी और तीन वर्षीय बच्ची के साथ रहता था।
फोन पर कबूला हत्या का जुर्म
घटना से एक दिन पहले पवन ने फोन कर बताया कि वह नया किराए का मकान ले रहा है। इसके बाद शनिवार सुबह उसने फोन कर कहा कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें प्रीति ने बेलन से हमला किया। गुस्से में आकर उसने प्रीति को सिलवट पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घर बंद, पति फरार
सूचना मिलने पर परिजन तिलैया पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला, जबकि आरोपी पति फरार था। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला।
प्लास्टिक में मिला शव, इलाके में सनसनी
सोमवार सुबह डॉग स्क्वायड की मदद से जांच के दौरान गुमो सतपुलिया के पास एक मकान मालिक ने प्लास्टिक में बंधे शव की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शव प्रीति का निकला। बताया जा रहा है कि शव पर गंभीर चोट के निशान थे और गला भी कटा हुआ था, जिससे हत्या की बर्बरता साफ झलकती है।
प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आया
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रीति का झुमरी तिलैया के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी पति को हो गई थी, जिससे शक के आधार पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इस हत्याकांड को और भी दर्दनाक बनाने वाली बात यह है कि प्रीति करीब चार महीने की गर्भवती थी।
विशेष टीम गठित, आरोपी की तलाश जारी
कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। साथ ही एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।


















