धूमधाम और उल्लास से मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
रांची: पूरे झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजधानी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि राज्यभर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों एवं कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराकर उत्सव मनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से खड़ा हुआ विशाल संगठन : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है और आज जिस मुकाम पर वह खड़ी है, वह करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 1984 में भाजपा को मात्र दो सीटें मिलने पर कांग्रेस हंसी थी, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं और कांग्रेस की स्थिति पर दुनिया सवाल उठा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर राजनीति करती है और आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का सपना साकार हो रहा है। पार्टी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
देशहित सर्वोपरि, कार्यकर्ताओं के दम पर मिली सफलता : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा देश और समाज के लिए राजनीति करती है। उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है।
मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से लेकर मोदी सरकार तक कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिनमें परमाणु परीक्षण, राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त भाजपा ही सशक्त भारत का निर्माण कर सकती है।
संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत : कर्मवीर सिंह
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि जनसंघ की स्थापना श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय ने की थी, जो आगे चलकर 1980 में भाजपा के रूप में स्थापित हुई। आज पार्टी 14 करोड़ से अधिक सदस्यों का विशाल परिवार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संगठन में कोई नया या पुराना नहीं होता, सभी कार्यकर्ता समान हैं और मां भारती की सेवा ही सभी का लक्ष्य है।
राज्यभर में फहराया गया पार्टी ध्वज
स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने कुच्चू स्थित आवास पर, वहीं बाबूलाल मरांडी ने अपने आवास पर ध्वज फहराया। इसके अलावा रघुवर दास, अर्जुन मुंडा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का झंडा फहराया। राज्यभर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी अपने घरों पर ध्वज लगाकर उत्सव में भाग लिया।
5 से 12 अप्रैल तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भाजपा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक राज्य के मंडल, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को और भी भव्यता मिली।

















