जमशेदपुर : पशु चोरी के शक में जुगसलाई में भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा
जमशेदपुर। जुगसलाई में शुक्रवार की रात पशु चोरी के संदेह ने तनाव का रूप ले लिया। ईदगाह मैदान के पास बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को वहां से हटाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामले की शुरुआत बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा इलाके से गाय चोरी की शिकायत से जुड़ी बताई जा रही है। इसके अलावा जुगसलाई के गद्दी मोहल्ले में भी पिछले दो दिनों में दो पशुओं के गायब होने की बात सामने आई थी। पशुओं का पता नहीं चलने पर कुछ लोगों को ईदगाह मैदान के आसपास रहने वाले लोगों पर संदेह हुआ।
बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे गद्दी मोहल्ला और शास्त्रीनगर के कुछ युवक इसी मामले को लेकर कसाई मोहल्ला पहुंच गए। वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों के साथ मारपीट होने लगी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस पहुंची तो बढ़ा हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराने और भीड़ को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को मौके से हटाया। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज का दावा
पशुपालकों की ओर से दावा किया गया है कि पशु चोरी से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज उनके पास हैं। उनका कहना है कि इन फुटेज को पुलिस को दिया जाएगा, जिससे चोरी के मामले की जांच में मदद मिल सकती है।
हवाई फायरिंग की बात, आधिकारिक पुष्टि नहीं
घटना के दौरान तीन से चार राउंड गोली चलने की चर्चा भी सामने आई है। कुछ स्थानीय लोगों ने हवाई फायरिंग की बात कही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है और न ही यह स्पष्ट किया है कि गोली किसने चलाई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ईदगाह मैदान और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का फोकस विवाद की वजह, मारपीट में शामिल लोगों और कथित फायरिंग की सच्चाई का पता लगाने पर है। देर रात तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी या किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।

















