झारखंड भाजपा OBC मोर्चा अध्यक्ष ने झामुमो पर साधा निशाना, कहा- पिछड़े समाज से आने वाले नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना झामुमो बर्दाश्त नहीं
रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है।
डॉ. अमरदीप यादव ने कहा कि भाजपा ने एक पिछड़े वर्ग के मूलवासी किसान परिवार के बेटे को, जो चार दशक से अधिक समय से बूथ स्तर से संगठन की सेवा कर रहे हैं, झारखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भाजपा ही सामाजिक न्याय, संगठनात्मक लोकतंत्र।और कार्यकर्ता सम्मान की सच्ची पक्षधर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो का इतिहास पिछड़ा, आदिवासी और किसान विरोधी नीतियों से भरा पड़ा है। इसलिए वह एक मेहनतकश, जमीनी और संघर्षशील नेता को बधाई देने के बजाय पहले दिन से ही कटाक्ष और अपमानजनक टिप्पणियां कर रही है। यह झामुमो की संकीर्ण सोच और राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
डॉ. यादव ने आगे कहा, “झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं की बढ़ती ऊर्जा, एकता और उत्साह झामुमो को विचलित कर रहा है, इसी कारण वह अनर्गल बयानबाजी पर उतर आई है।”
उन्होंने पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने पिछड़ों को आरक्षण से वंचित कर धोखा दिया। पिछड़ों के आरक्षण बढ़ाने का वादा करने वाला ठगबंधन फिर से धोखेबाज साबित हुआ।
चेतावनी देते हुए डॉ. अमरदीप यादव ने कहा, “झारखंड का पिछड़ा समाज झामुमो की इस मानसिकता का लोकतांत्रिक और राजनीतिक जवाब समय पर देगा। हर साजिश को विफल करेगा। भाजपा कार्यकर्ता सम्मान, सामाजिक समरसता और सशक्त नेतृत्व के साथ आगे बढ़ रही है — और यही झामुमो की सबसे बड़ी बेचैनी का कारण है।”


















