झारखंड भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, अंत्योदय और एकात्म मानववाद को याद किया
रांची: प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में पूरे झारखंड में मनाया। सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र और प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और विचारधारा का स्मरण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक महामानव थे, जिनका असमय जाना न केवल देश बल्कि पूरे विश्व के लिए अपूरणीय क्षति थी। उन्होंने गरीबी और अभाव को करीब से देखा था, इसलिए भारत को सशक्त बनाने के लिए अंत्योदय का मंत्र दिया।
आदित्य साहू ने आगे कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके विचारों का अनुसरण करते हुए गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित और पिछड़े वर्गों को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “भाजपा का चिंतन स्थापना काल से ही एकात्म मानव दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित है, जिसके प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय रहे। भारत की सनातन संस्कृति ही एकात्मकता का आधार है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारतीय चिंतन में एकात्मकता मौजूद है, इसलिए भारत मात्र भूभाग नहीं, बल्कि जीवंत सांस्कृतिक चेतना है।”
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने अपना प्रत्येक क्षण और कण मां भारती की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने भारत की राजनीतिक व्यवस्था को नई दिशा दी, जिसके परिणामस्वरूप आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने जोर दिया कि दीनदयाल जी के आदर्शों के अनुरूप भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का साधन है।

















