20260409 171545

झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कड़े निर्देश

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को आर्यभट्ट सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक, उड़न दस्ता टीम और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा हर हाल में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए।

सुरक्षा और निगरानी पर विशेष जोर

प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ उड़न दस्ता और पेट्रोलिंग टीमों की लगातार निगरानी रहेगी। किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के उपयोग या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

500 मीटर क्षेत्र रहेगा निषिद्ध

परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर की परिधि को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा। इस दायरे में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, केंद्र अधीक्षकों को समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और किसी भी अनियमितता की तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।

तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा

यह परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। उपायुक्त ने कहा कि यह परीक्षा हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए इसे पूरी निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से सतर्कता, समन्वय और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की।

Share via
Share via