झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने पहुंचे नेमरा, दी श्रद्धांजलि
रामगढ़ : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास पर आयोजित किया गया था।
राज्यपाल ने इस अवसर पर दिवंगत शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राज्यपाल ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का झारखंड के विकास और आदिवासी समुदाय के उत्थान में अतुलनीय योगदान रहा है, जो हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर परिवार के अन्य सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।


















