ranchi

झारखंड हाईकोर्ट सुरक्षा उपकरण खरीद घोटाले पर जनहित याचिका दायर

Share
Link copied

झारखंड हाईकोर्ट सुरक्षा उपकरण खरीद घोटाले पर जनहित याचिका दायर
रांची, : झारखंड हाईकोर्ट की सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा खरीदे गए उपकरणों में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची हाइकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। अधिवक्ता राजीव कुमार ने यह याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि सुरक्षा उपकरणों की खरीद चार से पांच गुना अधिक कीमत पर की गई, और ये उपकरण घटिया गुणवत्ता के हैं। याचिका में इस मामले की गहन जांच की मांग की गई है।

याचिका में मुख्य सचिव, गृह सचिव, केंद्रीय गृह सचिव, और पुलिस मुख्यालय के आईजी को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने दावा किया है कि आईजी की जांच रिपोर्ट में भी खरीदे गए उपकरणों की गुणवत्ता और कीमत को लेकर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।

इससे पहले, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी थी और उपकरणों की जांच खरीद से पहले नहीं की गई। शाहदेव के अनुसार, स्पेशल ब्रांच के डीआईजी की अध्यक्षता में गठित टेक्निकल टीम ने 18 जून 2024 को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें खरीदे गए चार उपकरणों में से तीन टेस्ट में फेल पाए गए। विशेष रूप से, डीप सर्च माइन मेटल डिटेक्टर, जो जमीन में गड़े डेटोनेटर को खोजने में सक्षम होना चाहिए था, पूरी तरह बेकार पाया गया।

यह मामला अब झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए प्रस्तुत है, अब देखना है की इस जनहित याचिका पर हाइकोर्ट क्या संज्ञान लेता है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow