नगर निगम चुनाव की तैयारियां जोरों पर: ट्रांसपोर्ट नगर में मतगणना स्थल का निरीक्षण, पारदर्शिता और सुरक्षा पर जोर
रांची : राजधानी रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (रांची सदर) कुमार रजत ने ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए जा रहे मतगणना स्थल का औचक निरीक्षण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मतदान 23 फरवरी 2026 को होने के बाद मतगणना 27 फरवरी 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित इस केंद्र में की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने मतगणना हॉल की संरचना, टेबलों की व्यवस्था, वार्डवार/पदवार मतगणना कक्षों का निर्धारण, बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश-निकास द्वार, प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम और वेटिंग एरिया की तैयारियों का गहन जायजा लिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीलिंग प्रक्रिया, निर्बाध बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सुविधा और पूरे परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी मतगणना प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और कानूनी प्रावधानों के अनुसार संपन्न हो। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

















