झारखंड में आज ठंड और कोहरे का कहर, रांची सहित कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी
रांची : झारखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाई रहेगी, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन शुष्क मौसम बना रहेगा। बारिश की कोई गुंजाइश नहीं है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची में न्यूनतम तापमान 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि अधिकतम तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं सुबह कोहरा और धुंध का असर रहेगा जबकि दोपहर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पूरे झारखंड में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कुछ जिलों जैसे लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, पलामू, गढ़वा आदि में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 से 11 जनवरी तक कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे ठंड की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन कोहरा और शीतलहर से राहत अभी नहीं मिलेगी। बुजुर्गों, बच्चों और मॉर्निंग वॉक करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और गर्म कपड़े पहनें।
राज्य सरकार ने ठंड को देखते हुए सभी स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया हुआ है। सड़कों पर वाहन चालकों से धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
















