कोडरमा : ऑनलाइन गेमिंग की लत ने छीनी 20 वर्षीय युवक की जान, कीटनाशक पीकर की आत्महत्या

कोडरमा : ऑनलाइन गेमिंग की लत ने छीनी 20 वर्षीय युवक की जान, कीटनाशक पीकर की आत्महत्या

Share
Link copied

झारखंड के कोडरमा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ऑनलाइन गेमिंग की लत और इससे जुड़े मानसिक तनाव के कारण 20 वर्षीय युवक मोहित यादव ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। यह घटना जिले के झुमरी गांव में हुई, जहां मोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

परिवार के अनुसार, मोहित लंबे समय से ऑनलाइन गेम्स खेलने का आदी हो चुका था। इसी वजह से वह लगातार डिप्रेशन और मानसिक दबाव में रहता था। बीती रात घर में उपलब्ध कीटनाशक को पीने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मोहित यादव ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था और परिवार का सहारा था। उसके चचेरे भाई दीपक कुमार यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मोहित बहुत परेशान और बेचैन रहता था। ऑनलाइन गेमिंग को लेकर वह अक्सर तनावग्रस्त नजर आता था। परिवार का मानना है कि इसी मानसिक परेशानी ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

मोहित के पिता पेशे से ट्रक चालक हैं और ज्यादातर समय काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है और रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस दुखद घटना ने स्थानीय लोगों में गहरा शोक छा गया है और ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ऐसी घटनाएं युवाओं में डिजिटल एडिक्शन के खतरों को उजागर करती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग की अत्यधिक लत मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, जिससे डिप्रेशन, चिंता और यहां तक कि आत्महत्या जैसी चरम स्थिति तक पहुंच सकती है। परिवारों और समाज को युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने और समय रहते मदद लेने की जरूरत है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow