JSLPS में कार्यरत कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन, महासंघ ने CEO अनन्य मित्तल से की मुलाकात
रांची : झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS-पलाश), ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल, आईएएस से मुलाकात की। इस अवसर पर महासंघ की ओर से नव वर्ष के पावन अवसर पर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महासंघ ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, आईएएस को भी पूर्व में पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करते हुए कर्मचारियों की लंबित मांगों को लागू करने का अनुरोध किया था, जिसकी सभी जानकारियां विभाग को उपलब्ध कराई गई थीं।
मुलाकात के दौरान JSLPS में कार्यरत ऑफिस बॉय, ऑफिस अटेंडेंट, हाउस कीपर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर संवर्ग से जुड़ी प्रमुख मांगों को रखा गया। महासंघ ने ऑफिस बॉय, ऑफिस अटेंडेंट व हाउस कीपर संवर्ग को लेवल L-8 में शामिल करने, न्यूनतम ₹20,000 प्रतिमाह मानदेय देने, सभी प्रकार के अवकाश एवं महिला कर्मचारियों को विशेष अवकाश स्वीकृत करने की मांग की।
महासंघ ने यह भी बताया कि श्रम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिदिन ₹783 मानदेय देने का आदेश निर्गत है, लेकिन वर्तमान में इन कर्मचारियों को मात्र ₹425 से ₹450 प्रतिदिन भुगतान किया जा रहा है तथा किसी प्रकार का अवकाश भी नहीं दिया जाता। जबकि JSLPS में ही कुछ कर्मचारियों को ₹18,000 से ₹29,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। साथ ही, पहले से 8 कर्मचारियों को L-8 में जोड़ा गया है, जबकि शेष 232 कर्मचारियों को अब तक इस लाभ से वंचित रखा गया है।
डाटा एंट्री ऑपरेटर संवर्ग के संबंध में महासंघ ने उन्हें लेवल L-7 में शामिल करने, न्यूनतम ₹40,900 प्रतिमाह मानदेय देने तथा स्थायी समायोजन की मांग की। इसके साथ ही JSLPS द्वारा निर्गत पत्र संख्या 1685 दिनांक 14.11.25 एवं पत्र संख्या 136/133 दिनांक 09.01.26 को अविलंब निरस्त करने की मांग की गई। महासंघ का कहना है कि विगत 9-10 वर्षों से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य कर रहे हैं।
महासंघ ने पूर्व समझौते एवं आदेश के आलोक में डाटा एंट्री ऑपरेटरों की पदस्थापना 15 किलोमीटर के दायरे में सुनिश्चित करने तथा दोनों संवर्गों को “समान काम के लिए समान वेतन” देने की भी मांग की।
मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल, आईएएस ने महासंघ के प्रतिनिधियों को स्पष्ट आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की सभी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इस पर महासंघ के प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि सचिव श्री के. श्रीनिवासन, आईएएस एवं CEO श्री अनन्य मित्तल, आईएएस के नेतृत्व में दोनों संवर्गों की जायज मांगों का समाधान जल्द होगा।
शिष्टमंडल में महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह सहित मुकेश कुमार, रिंकू कुमार, श्याम लाल पासवान, उपेन्द्र कुमार, वीणा देवी, बलराम कुमार यादव, डब्लू राउत, राजा, छोटू कुमार, चंद्रदेव साव, गीता देवी, अभिजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मंगदली बोदरा, नीतीश कुमार, सोनू कुमार, कृष्णा कुमार, शिव भगत, मीना देवी, कल्याणी देवी, ललिता देवी, शर्मिला देवी, अमित कुमार हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित

















