Kalpna soren

गिरिडीह दौरे पर कल्पना सोरेन, छठ घाटों का लेंगी जायजा; नदी हादसे में जान गंवाने वाले तीन बच्चों के परिवारों से भी मिलेंगी

Share
Link copied

गिरिडीह: छठ पर्व की तैयारियों और जनसमस्याओं की जानकारी लेने के लिए गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन दो दिवसीय दौरे पर गिरिडीह पहुंची हैं। गुरुवार को वह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लेंगी। इस दौरान नदी में डूबने से जान गंवाने वाले तीन बच्चों के परिजनों से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। गिरिडीह पहुंचने पर बुधवार को सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, मेयर प्रमिला मेहरा, उपमेयर सुमित कुमार और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

कई छठ घाटों का करेंगी निरीक्षण

कल्पना सोरेन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह गुरुवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करेंगी। इनमें सेनादोनी गांव का तालाब, लेदा छठ घाट, दासडीह पंचायत और गांडेय प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित छठ घाट शामिल हैं।छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों की स्थिति और स्थानीय जरूरतों की जानकारी भी ली जाएगी।

तीन बच्चों के परिजनों से करेंगी मुलाकात

दौरे के दौरान कल्पना सोरेन महुदा मोड़ के गांधी नगर में नदी में डूबने से जान गंवाने वाले तीन बच्चों के शोकाकुल परिजनों से भी मुलाकात करेंगी।गौरतलब है कि सितंबर में गांडेय प्रखंड के मेढ़ो स्थित जयंती नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल बन गया था। प्रस्तावित मुलाकात के दौरान कल्पना सोरेन पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगी।

ग्रामीणों से संवाद और स्कूल भवन का निरीक्षण

कल्पना सोरेन के कार्यक्रम में पंडरी गांव के मुस्लिम टोला में ग्रामीणों से मुलाकात भी शामिल है। यहां वह स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेंगी। इसके अलावा मेदनीसारे पंचायत के रुक्कोटांड़ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। दौरे के दौरान पर्व की तैयारियों, ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति पर ध्यान रहेगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।