कोडरमा में सनसनी: 4 माह की गर्भवती पत्नी की गला रेतकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव; पति फरार
कोडरमा में सनसनी: 4 माह की गर्भवती पत्नी की गला रेतकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव; पति फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अंकित साहू
कोडरमा (झुमरी तिलैया): झारखंड के कोडरमा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तिलैया थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिलैया बस्ती में एक पति ने अपनी 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपी ने शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर गुमो सतपुलिया के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गिरिडीह जिले के राजधनवार की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, प्रीति की शादी 3 वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज से पवन स्वर्णकार के साथ हुई थी। पवन पेशे से टोटो चालक है और पिछले कुछ समय से झुमरी तिलैया में किराए के मकान में रह रहा था।
वारदात का घटनाक्रम:
गुरुवार: पवन और प्रीति अपनी 3 वर्षीय बच्ची के साथ राजधनवार से झुमरी तिलैया लौटे थे।
शुक्रवार शाम: पवन ने फोन कर बताया कि वह नया किराए का कमरा ले रहा है।
शनिवार सुबह: आरोपी पवन ने खुद फोन कर ससुराल वालों को बताया कि प्रीति के साथ उसका झगड़ा हुआ है और गुस्से में उसने प्रीति को मसाला पीसने वाले ‘सिलवट’ पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डॉग स्क्वायड और पुलिस की तफ्तीश
घटना के बाद आरोपी पवन अपना फोन स्विच ऑफ कर फरार हो गया। पुलिस ने जब किराए के कमरे का ताला तोड़ा, तो वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। सोमवार की सुबह जब पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ जांच कर रही थी, तभी गुमो सतपुलिया के पास एक प्लास्टिक में बंधा शव मिलने की सूचना मिली। शिनाख्त करने पर वह शव प्रीति का ही निकला।
हत्या की क्रूरता और संभावित कारण
पुलिस के अनुसार, मृतका का गला रेता गया था और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। प्रीति 4 माह की गर्भवती भी थी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि प्रीति का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसकी तस्वीरें उसने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। शक है कि इसी बात की भनक लगने पर पति ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
एसपी ने बनाई विशेष टीम
कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के पहलुओं की जांच के लिए एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस का बयान:
“प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। आरोपी पति की लोकेशन ट्रेस की जा रही है, आखिरी बार उसका लोकेशन मरकच्चो के पास देखा गया था। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”















