कोलेबिरा गोलीकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली में प्रेम प्रसंग को लेकर हुई युवती की हत्या के मामले में सिमडेगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।
इस संबंध में सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सिमडेगा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था।
जांच के दौरान तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आदर्श कुमार (22 वर्ष), निवासी वैशाली, बिहार को तेलंगाना राज्य के बीडीएल भानूर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को सिमडेगा लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल तथा तीन जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग में उत्पन्न विवाद के कारण आरोपी ने युवती की गोली मारकर हत्या की थी।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश था और सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। पुलिस की कार्रवाई को मामले के त्वरित खुलासे के रूप में देखा जा रहा है। एसपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमडेगा, कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, कोलेबिरा थाना की टीम तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















