राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, दो कोच चपेट में आए; दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

Trivandrum–Hazrat Nizamuddin Rajdhani Express के दो कोचों में रविवार सुबह भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना मध्य प्रदेश में रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर लूणी-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुई। आग लगने के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के मुताबिक, त्रिवेंद्रम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही सेकेंड में पूरा कोच आग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बी-1 कोच में उस समय 68 यात्री सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही West Central Railway की राहत एवं बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, समय रहते ट्रेन रोककर यात्रियों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।
















