मणिपुर के चुराचांदपुर में तनाव: कुकी प्रदर्शनकारियों ने नई सरकार का किया विरोध, अलग प्रशासन की मांग पर अड़े
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में गुरुवार को हालात तनावपूर्ण हो गए, जब लोकप्रिय सरकार के गठन के विरोध में तुइबोंग इलाके में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हो गए। पूरे दिन जिले में माहौल तनावग्रस्त बना रहा, जिसके कारण प्रशासन को बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शाम को स्थिति और बिगड़ गई, जब प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए सुरक्षाबलों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। विरोध प्रदर्शन सुबह से ही जारी थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों का आक्रोश तब और भड़क उठा, जब कुकी विधायकों की ओर से नई सरकार को समर्थन देने की खबर सामने आई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधायकों ने समुदाय की भावनाओं की अनदेखी करते हुए यह कदम उठाया है, जबकि क्षेत्र में लंबे समय से अलग प्रशासनिक व्यवस्था की मांग उठती रही है।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी अलग प्रशासन की मांग पूरी नहीं होती, तब तक इस सरकार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालात तब और बिगड़े, जब कुकी विधायकों की मौजूदगी में सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी हुई। इसमें उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन, विधायक एलएम खौटे और नगुरसांगलुर सानाते शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने इस घटनाक्रम को समुदाय की आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात करार दिया।
कुकी-जो समुदाय के संगठनों ने इस कदम को “समुदाय के साथ धोखा” बताया है और कुछ संगठनों ने इन विधायकों के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार की घोषणा भी की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन शांतिपूर्ण शुरू हुए थे, लेकिन सरकार गठन की खबर के बाद आक्रोश बढ़ गया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद तनाव बना हुआ है, और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
















